Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

महाविद्यालय में समाचार पठन को लेकर जागरूकता अभियान, शिक्षा के साथ समसामयिक ज्ञान भी जरूरी: डॉ. शीनू चौधरी

महाविद्यालय में समाचार पठन को लेकर जागरूकता अभियान, शिक्षा के साथ समसामयिक ज्ञान भी जरूरी: डॉ. शीनू चौधरी

बुलंदशहर: जहांगीराबाद में स्थित रघुवरदयाल प्रभुदयाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं को समाचार पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित करने हेतु एक जागरूकता संदेश दिया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीनू चौधरी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित अखबार पठन छात्राओं के शैक्षिक, बौद्धिक और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्राचार्या डॉ. शीनू चौधरी

डॉ. शीनू चौधरी ने कहा कि समाचार पत्र पढ़ने से भाषा पर पकड़ मजबूत होती है तथा छात्राओं की पढ़ने, लिखने और बोलने की क्षमता में निरंतर सुधार होता है। साथ ही यह आदत उनमें तार्किक, विश्लेषणात्मक और आलोचनात्मक सोच को भी विकसित करती है, जो उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि अखबारों के माध्यम से छात्राओं को देश-दुनिया की समसामयिक घटनाओं की प्रामाणिक जानकारी मिलती है, जिससे उनका सामान्य ज्ञान बढ़ता है और सामाजिक, राजनीतिक व आर्थिक विषयों पर उनकी समझ गहरी होती है। इससे वे कक्षा में अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने विचार व्यक्त कर पाती हैं।

प्राचार्या ने छात्राओं से आग्रह किया कि वे प्रतिदिन कम से कम 20-30 मिनट समाचार पत्र पढ़ने की आदत डालें और महत्वपूर्ण खबरों पर आपस में चर्चा करें। इससे न केवल उनकी अभिव्यक्ति क्षमता बेहतर होगी, बल्कि व्यक्तित्व में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक गिरीश गर्ग, शरद अग्रवाल, कुलदीप गर्ग सहित महाविद्यालय का समस्त शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

error: Content is protected !!