महराजगंज: पनियरा क्षेत्र के ग्राम सभा कुआंचाप के कोईलहवा गांव में बृहस्पतिवार की देर रात अचानक लगी आग से एक गरीब परिवार की रिहायशी झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस दर्दनाक घटना में झोपड़ी में रखा घरेलू सामान, कपड़े, बर्तन सहित करीब 30 हजार रुपये नगद भी जलकर नष्ट हो गए। आग लगने की इस घटना से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रीना देवी पत्नी रणजीत सहानी गांव के बाहर किनारे एक झोपड़ी बनाकर अपने परिवार के साथ निवास करती थीं। बृहस्पतिवार की रात अचानक झोपड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। आग को फैलता देख रीना देवी ने किसी तरह चारपाई को बाहर निकालकर अपनी जान और परिवार को सुरक्षित किया, लेकिन समय कम होने के कारण घर का अन्य कोई सामान बाहर नहीं निकाल सकीं। देखते ही देखते पूरी झोपड़ी आग की चपेट में आ गई।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाल्टी, मिट्टी व अन्य साधनों से कड़ी मशक्कत कर लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित परिवार ने बताया कि घर बनाने के लिए ईंट खरीदने के उद्देश्य से रखे गए 30 हजार रुपये नगद भी आग में जल गए, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र पंचायत सदस्य गायत्री निषाद ने तहसील प्रशासन को सूचना दी। शुक्रवार सुबह हल्का लेखपाल दीपक सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। लेखपाल ने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता मिल सके।
अग्निकांड की सूचना पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत के अंतर्गत शीघ्र सरकारी मदद उपलब्ध कराई जाए।
इस मौके पर भाजपा नेता शेषनाथ उर्फ गुड्डू सिंह, विधायक प्रतिनिधि नंदू दूबे, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गिरी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द राहत सामग्री और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।


