गाजियाबाद: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत रविवार को जनपद में मतदाता सूची के शुद्धिकरण हेतु विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहे और प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची का वाचन कर नागरिकों से दावे-आपत्तियाँ प्राप्त की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट के साथ विधानसभा क्षेत्र 55-साहिबाबाद के इन्दिरापुरम पब्लिक स्कूल एवं मदन मेमोरियल पब्लिक स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में सभी औपचारिकताएँ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने अथवा संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र एवं छूटे हुए मतदाताओं से फार्म-6 (नया पंजीकरण), फार्म-7 (नाम अपमार्जन) तथा फार्म-8 (संशोधन/स्थानांतरण) आवश्यक दस्तावेजों सहित भरवाए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता के स्थानांतरण की स्थिति में फार्म-8 ही भरा जाए, फार्म-6 नहीं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि
“शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की बुनियाद है। जागरूक नागरिक ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करते हैं।”
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मृत या स्थानांतरित मतदाताओं की सूचना बीएलओ को अवश्य दें, जिससे सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से आग्रह किया कि वे अपने नाम का सत्यापन अवश्य करें और 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना न केवल संवैधानिक अधिकार है, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिक का महत्वपूर्ण दायित्व भी है।


