Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

कुशीनगर में दिल दहला देने वाली वारदात: कमरे के अंदर मिला पत्नी का गला कटा शव, पति भी फंदे से लटका

कुशीनगर में दिल दहला देने वाली वारदात: कमरे के अंदर मिला पत्नी का गला कटा शव, पति भी फंदे से लटका

कुशीनगर: तरया सुजान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा तरया सुजान के किनवारी मौजा (बड़ई टोला) में रविवार देर शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई। प्रेम विवाह के महज दो माह बाद एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद फंदे से झूलकर जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, बड़ई टोला निवासी अरुण शर्मा (22) पुत्र हरिंदर शर्मा ने विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बरियारपट्टी गांव की नेहा भारती (19) से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने लगभग दो माह पूर्व मंदिर में शादी की थी। परिजन इस विवाह से सहमत नहीं थे, जिसके चलते दंपती को घर की छत पर बने एक अलग कमरे में रहने के लिए दिया गया था। अरुण तरया बाजार में कपड़ों की दुकान पर नौकरी करता था।

रविवार को अरुण सुबह घर से बाहर गया था और शाम लगभग चार बजे लौटने के बाद पत्नी के साथ अपने कमरे में चला गया। देर शाम तक कमरे से कोई गतिविधि न होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा अंदर से बंद था। जब दरवाजा तोड़ा गया, तो कमरे में नेहा का गला कटा शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि अरुण का शव फंदे से लटका हुआ था। मौके से एक धारदार हथियार भी बरामद हुआ।

घटना की सूचना पर थाना प्रभारी राम सहाय चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। देर रात क्षेत्राधिकारी राकेश प्रताप सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, अरुण और नेहा के बीच प्रेम संबंध करीब आठ माह पहले शुरू हुआ था। दोनों पहले भी घर से भागे थे, तब पुलिस द्वारा समझा-बुझाकर परिजनों को सौंप दिया गया था। बाद में दोनों ने नवंबर 2025 में पुनः घर से भागकर विवाह कर लिया। विवाह के बाद से पारिवारिक तनाव बना हुआ था।

फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किन परिस्थितियों में युवक ने इतना बड़ा कदम उठाया। इस दर्दनाक घटना ने प्रेम विवाह, पारिवारिक असहमति और मानसिक दबाव जैसे गंभीर सामाजिक सवाल खड़े कर दिए हैं।

author

Related Articles

error: Content is protected !!