Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

तमकुहीराज को विकास की ऐतिहासिक सौगात, 2.83 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक बस स्टैंड

तमकुहीराज को विकास की ऐतिहासिक सौगात, 2.83 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक बस स्टैंड

कुशीनगर: तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के लिए 20 जनवरी का दिन विकास के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया। नगर पंचायत सेवरही के वार्ड संख्या 6 (शिव शक्ति नगर) में बहुप्रतीक्षित बस स्टैंड के निर्माण हेतु शासन ने 283.64 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई है।

यह महत्वपूर्ण उपलब्धि स्थानीय विधायक डॉ. असीम कुमार राय की सतत पहल और प्रभावी पैरवी का परिणाम मानी जा रही है। लंबे समय से क्षेत्र की जनता एक सुव्यवस्थित और आधुनिक बस स्टैंड की मांग कर रही थी, जिसे विधायक ने गंभीरता से लेते हुए उच्च सदन और शासन स्तर पर मजबूती से उठाया। अंततः शासन ने जनहित की इस मांग पर मुहर लगा दी।

स्वीकृत राशि से बनने वाला बस स्टैंड अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। इसके निर्माण से न केवल लंबी दूरी की बस सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

इस वित्तीय स्वीकृति को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन तथा पथ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के सशक्त नेतृत्व का परिणाम बताया जा रहा है, जिनकी नीतियों से प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिल रही है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. असीम कुमार राय ने तमकुहीराज की जनता को बधाई देते हुए कहा,

“यह केवल बस स्टैंड का निर्माण नहीं, बल्कि तमकुहीराज को नई पहचान देने की दिशा में एक मजबूत कदम है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मैं सदैव पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहूंगा।”

निश्चित रूप से यह परियोजना आने वाले समय में तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास का मील का पत्थर साबित होगी और क्षेत्र को प्रगति की नई राह पर ले जाएगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!