Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

गाजियाबाद में राष्ट्रिय सड़क सुरक्षा माह के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन, बच्चों ने सीखा जीवन बचाने का सबक

गाजियाबाद में राष्ट्रिय सड़क सुरक्षा माह के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन, बच्चों ने सीखा जीवन बचाने का सबक

गाजियाबाद: सड़क पर एक छोटी-सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसी संदेश को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत स्कूली बच्चों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में परिवहन विभाग, गाजियाबाद द्वारा ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल, रामेश्वर पार्क, लोनी में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राजेश्वर कुशवाहा, यात्री/मालकर अधिकारी ने किया, जिन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी केवल नियमों के रूप में नहीं, बल्कि जीवन रक्षा के उपाय के रूप में समझाई।

कार्यक्रम के दौरान श्री कुशवाहा ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना और जेब्रा क्रॉसिंग से ही सड़क पार करना, ये सभी नियम केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य की नींव हैं। उन्होंने बच्चों को यह भी समझाया कि आज की जागरूक पीढ़ी ही कल की सुरक्षित सड़कें बना सकती है।

कार्यक्रम को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को गहराई से प्रभावित किया। नाटकों के माध्यम से बच्चों ने बताया कि लापरवाही कैसे दुर्घटना में बदल जाती है और सतर्कता कैसे जीवन बचा सकती है।

विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना को मजबूत करते हैं। शिक्षकों का कहना था कि जब बच्चे स्वयं नियमों को समझते हैं और अपनाते हैं, तो वे अपने परिवार और समाज के लिए भी संदेशवाहक बनते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर परिवहन विभाग गाजियाबाद के प्रवर्तन स्टाफ संदीप कुमार सिंह एवं वेद प्रकाश, ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ. विपुल बर्सले, प्रशासनिक अधिकारी अकबर रजा, प्रधानाचार्या श्रीमती सरिता कुमारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

author

Related Articles

error: Content is protected !!