Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

गोरखपुर के विकास को मिली नई रफ्तार, सीएम योगी ने आरओबी और फ्लाईओवर किया जनता को समर्पित

गोरखपुर के विकास को मिली नई रफ्तार, सीएम योगी ने आरओबी और फ्लाईओवर किया जनता को समर्पित

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर शहर को आधुनिक यातायात व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी सौगात दी। शहर में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने दो प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ शहरी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने बरगदवा चौराहे से जेल रोड की ओर नकहा जंगल-मानीराम स्टेशन के बीच स्थित समपार संख्या-5ए पर बने चार लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का उद्घाटन किया। करीब 152.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह सेतु 1,092 मीटर लंबा है। इसके चालू होने से रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी और शहर के उत्तरी एवं दक्षिणी हिस्सों के बीच आवागमन कहीं अधिक आसान हो जाएगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बरगदवा-कौवाबाग जेल बाईपास मार्ग पर स्थित शहर के सबसे व्यस्त खजांची चौराहे पर बने फ्लाईओवर को भी जनता के लिए खोल दिया। 96.50 करोड़ रुपये की लागत और 605 मीटर लंबाई वाले इस फ्लाईओवर के शुरू होने से क्षेत्र में यातायात का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। वर्षों से जाम की मार झेल रहे राहगीरों को अब तेज और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के हर शहर में मजबूत, सुरक्षित और आधुनिक सड़क एवं पुल नेटवर्क विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। गोरखपुर में पूरी हुई ये परियोजनाएं न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएंगी, बल्कि व्यापार, उद्योग और सामाजिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन देंगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने इन विकास कार्यों को गोरखपुर के भविष्य के लिए अहम कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!