महराजगंज: नौतनवां विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया। शनिवार को नौतनवां ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुहानी चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण और पुल निर्माण परियोजनाओं के शुभारंभ को लेकर भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि ब्लाक प्रमुख राकेश कुमार मद्धेशिया रहे।

वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर विकास कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री प्रदीप सिंह ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।
मिली जानकारी के मुताबिक भगवानपुर टोला मदरी से लक्ष्मीपुर ब्लाक के रामनगर मोड़ तक पीडब्ल्यूडी की सड़क को चौड़ा एवं सुदृढ़ किया जाएगा। लगभग 21.5 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना पर करीब 54.94 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह मार्ग मदरी, भगवानपुर, बड़हरा, सोहनी, महदेइया, डगरपुरवा, बोदनी, बैकुंठपुर, जमुहानी, हरलालगढ़, शीशमहल, परसहवा, चकदह, शाहपुर और रामनगर सहित अनेक गांवों को सीधे तौर पर जोड़ता है। सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी।

इसके साथ ही कोहरगड्डी से भरटोलिया तक लगभग 2.1 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिस पर 2.03 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं रमगढ़वा के भरगाही टोला में नाला पर पुल निर्माण कार्य भी कराया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 1.59 करोड़ रुपये बताई गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार में सड़क, पुल और बुनियादी सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें न केवल दूरी कम करती हैं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास का रास्ता भी खोलती हैं। विधायक ने यह भी दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हुई है और अपराध व माफियागिरी पर प्रभावी नियंत्रण लगाया गया है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप कुमार पाण्डेय, नौतनवां नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशासी अभियंता एडीसन सिंह, सहायक अभियंता नवनीत सिंह, अवर अभियंता राहुल प्रसाद जिज्ञासु, इम्तियाज अहमद, अफरोज अहमद, एस.के. वर्मा सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बैजनाथ यादव, बच्चू सिंह, राजू उर्फ लल्लू पासवान, वीरेंद्र राजभर, अशोक यादव, कांग्रेस यादव, दुर्विजय सिंह, संजय यादव समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया।


