Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

कलश यात्रा से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक, गोल्फलिंक सोसायटी में विराट हिन्दू सम्मेलन बना आकर्षण का केंद्र

कलश यात्रा से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक, गोल्फलिंक सोसायटी में विराट हिन्दू सम्मेलन बना आकर्षण का केंद्र

गाजियाबाद: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में समाज जागरण के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गोल्फलिंक सोसाइटी स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन ने पूरे क्षेत्र को आस्था, संस्कृति और राष्ट्रभाव के रंग में रंग दिया।

इस भव्य आयोजन में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित सैकड़ों लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सम्मेलन के मुख्य वक्ता रूप नारायण जी (क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने अपने उद्बोधन में संघ की शताब्दी यात्रा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि संघ की स्थापना ऐसे समय में हुई, जब हिन्दू समाज आत्मविस्मृति और संगठनहीनता की स्थिति में था। ऐसे चुनौतीपूर्ण दौर में डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार ने समाज को पुनः जागृत और संगठित करने के उद्देश्य से संघ की नींव रखी।

उन्होंने बताया कि आज सौ वर्षों की साधना के बाद संघ समाज जीवन के हर क्षेत्र में अपनी सकारात्मक भूमिका निभा रहा है। पंच परिवर्तन के माध्यम से संघ न केवल राष्ट्र निर्माण, बल्कि विश्व कल्याण की दिशा में भी कार्य कर रहा है। सीमित क्षेत्र में इतने व्यापक आयोजन का सफल होना समाज के बढ़ते विश्वास और सहभागिता का प्रतीक है।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित मनोकामना पीठ के पीठाधीश्वर जीवन ऋषि जी महाराज ने कहा कि हिन्दू धर्म संकीर्ण नहीं, बल्कि विश्व बंधुत्व और सर्वे भवन्तु सुखिनः की भावना पर आधारित है। उन्होंने समाज से अपने धर्म, संस्कृति और मूल्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

सम्मेलन से पूर्व प्रातःकाल भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात बच्चों द्वारा देशभक्ति और सनातन संस्कृति से प्रेरित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं।

चित्रकला और कविता पाठ प्रतियोगिताओं में बालक-बालिकाओं की रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिली। बहनों द्वारा बनाई गई रंगोलियों ने आयोजन की सुंदरता बढ़ाई।
कार्यक्रम स्थल पर संघ की सौ वर्षों की यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, संघ साहित्य, पंचगव्य एवं हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर समिति के सचिव हरीश सिसोदिया, संरक्षक सुरेंद्र सिंह तेवतिया, अतुल खंडेलवाल, वरदान अग्रवाल, मनोज चौहान, रविंद्र बंसल, पवन गुप्ता, विनोद रावल सहित रानी गुप्ता, भावना बिष्ट, मीना जोशी, प्रभा सेंगर, रेखा चतुर्वेदी, कविता सैनी, वंदना जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

author

Related Articles

error: Content is protected !!