Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

महराजगंज: नगर पंचायत कर्मचारी के घर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, इलाज के लिए बाहर गया था परिवार

महराजगंज: नगर पंचायत कर्मचारी के घर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, इलाज के लिए बाहर गया था परिवार

महराजगंज: जनपद में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आमजन के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों में भी भय का माहौल व्याप्त है। ताजा मामला शिवनगर मोहल्ले का है, जहां नगर पंचायत चौक में कार्यरत नगर पंचायत कर्मचारी विजय यादव के आवास को चोरों ने अपना निशाना बनाते हुए बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया।

इस घटना में चोर नकदी समेत लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक विजय यादव अपनी पत्नी के इलाज के लिए कुछ दिनों पहले बनारस गए हुए थे। उनके घर पर ताला लगा हुआ था और काफी समय से वहां कोई मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित ढंग से चोरी की योजना बनाई। चोरों ने मकान की सीढ़ी के ऊपर लगे टीन को तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और सीधे कमरों में पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने अलमारी को तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी निकाल ली।

पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी गए गहनों में झुमका, सोने की चेन, अंगूठियां, पायल, मंगलसूत्र, नथिया, टीका, हार और बालियां शामिल हैं। इन सभी गहनों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा कुछ नकदी भी अलमारी से गायब पाई गई है।

जब विजय यादव इलाज के बाद घर लौटे तो घर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

घटना के बाद शिवनगर मोहल्ले में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन गश्त और निगरानी में कमी के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!