रामपुर: शहर के अंबेडकर पार्क में संत शिरोमणि गाडगे महाराज की 150वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, पूर्व विधायक काशीराम, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, ज्वाला पीठ लखनऊ के पीठाधीश्वर परम पूज्य अशोक जी महाराज समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा गाडगे महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों के अभिनंदन से हुई। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि शिक्षा ही समाज की प्रगति और तरक्की का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि हर परिवार को अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित करना चाहिए और समाज में फैली कुरीतियों व पाखंड को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
ज्वाला पीठ लखनऊ के पीठाधीश्वर अशोक जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विविध संस्कृतियों वाला देश है, लेकिन आज भी समाज में शराब सेवन, दहेज प्रथा और अशिक्षा जैसी कई सामाजिक बुराइयाँ मौजूद हैं। इन कुरीतियों को खत्म करने के लिए समाज को जागरूक होकर आगे आना होगा।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के अधिकारी जय सिंह (आईआईएस) ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की मदद करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब परिवार को शिक्षा या अन्य जरूरतों में सहायता की आवश्यकता हो तो हम सभी को मिलकर सहयोग करना चाहिए।
अखिल भारतीय धोबी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार आर्य ने कहा कि संगठन के माध्यम से पूरे देश में समाज को एकजुट करने का कार्य किया जा रहा है। एकता के माध्यम से ही समाज के अधिकारों और हितों की रक्षा संभव है।
वक्ताओं ने संत गाडगे महाराज के जीवन और उनके सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी गरीब, शोषित, मजदूर और दिव्यांग लोगों की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने अनेक धर्मशालाओं, गौशालाओं, विद्यालयों और विश्वविद्यालयों की स्थापना कर समाज सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। अमरावती में उनके नाम से विश्वविद्यालय भी संचालित है।
इस दौरान राष्ट्रीय लोक कलाकार जमुना प्रसाद कनौजिया ने अपनी टीम के साथ भजनों और लोकगीतों के माध्यम से गाडगे महाराज के जीवन और उनके विचारों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय धोबी महासंघ के जिलाध्यक्ष चरन सिंह ने मंत्री गुलाब देवी को ज्ञापन सौंपते हुए गाडगे महाराज जयंती पर 23 फरवरी को अवकाश घोषित करने, उन्हें भारत रत्न देने और रामपुर में स्मारक बनवाने की मांग रखी। मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र सिंह ने किया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाज के लोगों के साथ कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें रवि कुमार दिवाकर, राजकुमार दिवाकर, कृष्ण गोपाल, अशोक वर्मा, डॉ. डी.एस. चौधरी, पावनी दिवाकर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


