रामपुर: जनपद की स्वार तहसील के युवा अधिवक्ता एवं चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता एम. जिया मलिक एडवोकेट को भारतीय किसान यूनियन मनीष का उत्तर प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन मनीष गोस्वामी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र जारी किया।
बताया जा रहा है कि भारतीय किसान यूनियन मनीष (रजिस्ट्रेशन नंबर 188/25) गरीब किसानों, मजदूरों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाने वाला एक पंजीकृत संगठन है, जो देशभर में किसान-मजदूर एकता और उनके अधिकारों के लिए लगातार कार्य कर रहा है। संगठन द्वारा एम जिया मलिक को प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने को संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नियुक्ति मिलने के बाद एम जिया मलिक एडवोकेट ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा गरीब, किसान, मजदूर और नौजवानों की समस्याओं को संगठन और सरकार तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
एम जिया मलिक ने यह भी कहा कि भारतीय किसान यूनियन मनीष के माध्यम से किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा और संगठन को प्रदेश में और अधिक मजबूत बनाने के लिए वह निरंतर प्रयास करेंगे।
जैसे ही एम जिया मलिक के प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने की खबर सामने आई, उनके समर्थकों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन किसानों और मजदूरों की आवाज को और मजबूती से उठाएगा।


