महराजगंज: परसामलिक थाना क्षेत्र के नौतनवां-ठूठीबारी मुख्य मार्ग पर स्थित पेडारी चौराहे के पास 18 मार्च को हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

हादसे में गंभीर रूप से घायल चारों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से रेफर कर दिया गया था। रेहरा निवासी शाहिद अली (18) और संदीप पासवान (18) का इलाज नेपाल के पकलिहवां (भैरहवां) में चल रहा था, जहां मंगलवार रात संदीप पासवान की मौत हो गई।
वहीं शिवपुरी निवासी ग्यासुद्दीन (45) और उनके पुत्र अरजुल्लाह (16) को नौगढ़ स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान ग्यासुद्दीन ने भी दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक ग्यासुद्दीन मुर्गी पालन और व्यापार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी साजिदा खातून, पांच बेटियां और दो बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा अरजुल्लाह अभी भी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है।
पिता की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। बेटियां—हबीबुन निशा (21), सबीबुन निशा (19), रबीसुन निशा (18), शहनाज (12) और तबीबुन (10) तथा पुत्र शाहिल (18) का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


