महराजगंज: नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपराहिया टोला घोड़ाहिया में स्वच्छता व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। गांव के मुख्य मार्ग के किनारे बनी सरकारी नाली लंबे समय से साफ-सफाई के अभाव में कूड़े-करकट और सिल्ट से पूरी तरह भर चुकी है, जिससे जल निकासी बाधित हो गई है।
नाली के जाम होने से गंदा पानी जगह-जगह जमा होकर सड़ने लगा है। इससे उठने वाली दुर्गंध ने ग्रामीणों का जीना दूभर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थिति यह है कि गंदगी और ठहरे पानी के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। इससे मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग करते हुए नाली की पूरी सफाई और एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने की अपील की है, ताकि संभावित बीमारी के खतरे को समय रहते टाला जा सके।
इस संबंध में एडीओ पंचायत रामकृष्ण प्रसाद ने बताया कि संबंधित सफाईकर्मी को निर्देशित कर दिया गया है और जल्द ही नाली की सफाई के साथ-साथ गांव में एंटी-लार्वा का छिड़काव भी सुनिश्चित किया जाएगा।


