Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

Maharajganj: एक फीट पानी में डूबी आरसीसी सड़क, जल निकासी के अभाव में लोगों की बढ़ी परेशानी

Maharajganj: एक फीट पानी में डूबी आरसीसी सड़क, जल निकासी के अभाव में लोगों की बढ़ी परेशानी

महराजगंज: नौतनवा विकास खण्ड के ग्राम पंचायत बैकुंठपुर उर्फ बोदवार में बुनियादी सुविधाओं की कमी एक बार फिर उजागर हुई है। क्षेत्र के मुख्य तिराहे पर हल्की बारिश के बाद ही जल भराव की समस्या विकराल रूप ले लेती है, जिससे पूरी सड़क तालाब जैसी दिखाई देने लगती है और आवागमन बाधित हो जाता है।

बताया जा रहा है कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा यहां आरसीसी सड़क का निर्माण तो कराया गया, लेकिन जल निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं किया गया। नतीजतन बारिश का सारा पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है और धीरे-धीरे कीचड़ व गंदगी में तब्दील होकर लोगों के लिए परेशानी का सबब बन जाता है।

इस तिराहे से प्रतिदिन सैकड़ों राहगीर और स्कूली बच्चे गुजरते हैं, जिन्हें गंदे पानी से होकर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। करीब एक फीट तक भरे पानी के सड़ने से उठने वाली दुर्गंध ने आसपास के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

वहीं, रुके हुए पानी में मच्छरों के पनपने से मलेरिया, डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। बावजूद इसके, जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

ग्रामीणों- कमलेश, मनोज, महेंद्र यादव, संजय प्रजापति, दिनेश कुमार, शमशेर, शमशाद खान, इमरान खान, अजीज खान, जितेंद्र राजभर, शैलेन्द्र, दीपक, बुद्धू और अर्जुन सहित कई लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।

author

Related Articles

error: Content is protected !!