Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

प्रेम या जिद? जिजा-साली के रिश्ते का खौफनाक अंत, कुशीनगर में डबल मर्डर-सुसाइड से सनसनी

प्रेम या जिद? जिजा-साली के रिश्ते का खौफनाक अंत, कुशीनगर में डबल मर्डर-सुसाइड से सनसनी

कुशीनगर: तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडिला बुजुर्ग गांव में बुधवार सुबह रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी साली को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में चीख-पुकार और मातम का माहौल है। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा और चार खोखे बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक जितेंद्र प्रजापति (28) बिहार के गोपालगंज जनपद के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित धर्म चौक का रहने वाला था। उसकी शादी करीब 11 महीने पहले बसडिला बुजुर्ग निवासी बेवी प्रजापति से हुई थी। मृतका नैना प्रजापति (20) उसकी साली थी। बताया जा रहा है कि जितेंद्र विदेश में फोरमैन का काम करता था और कुछ दिन पहले ही परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने घर आया था।

परिजनों के मुताबिक जितेंद्र अपनी साली नैना को अपने साथ ले जाना चाहता था। इसको लेकर वह पहले भी ससुराल आया था, लेकिन परिजनों ने किसी कारण से नैना को भेजने से मना कर दिया था। मंगलवार शाम वह दोबारा ससुराल पहुंचा और रात में वहीं रुक गया। ग्रामीणों का कहना है कि उस समय वह नशे की हालत में था।

बुधवार सुबह करीब सात बजे नैना कोचिंग से घर लौटी। इसी दौरान जितेंद्र ने उसे कमरे में बुलाया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कुछ ही देर बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। करीब आठ बजे अचानक गोलियों की तेज आवाज सुनाई दी। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, कमरे के दरवाजे के नीचे से खून बहता दिखाई देने लगा। घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर झांका तो दोनों खून से लथपथ पड़े मिले। इसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कुमार, उपजिलाधिकारी तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कमरे से अवैध तमंचा और चार खोखे बरामद किए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही परिवार की दो बेटियों की जिंदगी कुछ ही महीनों में तबाह हो जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

author

Related Articles

error: Content is protected !!