महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के एक ग्राम पंचायत में बुधवार की शाम छह वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना गांव के सिवान स्थित श्मशान घाट के पुल के पास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बालिका अपनी बड़ी बहन के साथ बकरी चराने गई थी। इसी दौरान बड़ी बहन कुछ दूरी पर जलावनी बीनने चली गई। आरोप है कि उसी वक्त बाइक से पहुंचे दो युवकों में से एक युवक ने मौका पाकर बालिका को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक बाइक पर ही बैठा रहा। बालिका के चीखने पर बड़ी बहन वहां पहुंची तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घर पहुंचकर बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने रात में ही उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
सीओ सदर जयप्रकाश तिवारी भी थाने पहुंचे और पुलिस टीम से पूछताछ कर आवश्यक निर्देश दिए। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में एक नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस टीम दबिश देकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है।


