कुशीनगर: जनपद के तमकुहीराज क्षेत्र में बुधवार को एक राजनीतिक स्वागत कार्यक्रम उस समय अव्यवस्था में बदल गया, जब कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के स्वागत के दौरान खड़ा किया गया बुलडोजर हादसे का शिकार हो गया। यह घटना नेशनल हाईवे पर फरहान हॉस्पिटल के पास हुई, जहां कुछ ही सेकंड में हालात बेकाबू हो गए।

बुधवार को डॉ. संजय निषाद संवैधानिक पद यात्रा के तहत तमकुहीराज से गुजर रहे थे। उनके आगमन को यादगार बनाने के लिए पार्टी समर्थकों ने हाईवे किनारे एक बुलडोजर खड़ा कर उस पर चढ़कर पुष्पवर्षा की व्यवस्था की थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने खड़े बुलडोजर में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलडोजर असंतुलित होकर पलट गया। उस समय बुलडोजर के आसपास मौजूद कई कार्यकर्ता उसकी चपेट में आ गए। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
घटना के तुरंत बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही तमकुहीराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आ रही है।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय मंत्री का काफिला कुछ दूरी पर था, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। यह घटना राजनीतिक कार्यक्रमों में दिखावे और जल्दबाज़ी से किए जा रहे आयोजनों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।


