Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

तमकुहीराज में आधार कार्ड के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, एसडीएम की छापेमारी से मचा हड़कंप, दोषियों पर गिरी गाज

तमकुहीराज में आधार कार्ड के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, एसडीएम की छापेमारी से मचा हड़कंप, दोषियों पर गिरी गाज

कुशीनगर: सरकारी योजनाओं की आड़ में अवैध वसूली के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला तमकुहीराज क्षेत्र के बीआरसी परिसर से जुड़ा है, जहां बच्चों के आधार कार्ड बनवाने के नाम पर नियमों को ताक पर रखकर पैसे वसूले जा रहे थे।

बुधवार को प्रशासन को सूचना मिली कि स्कूल स्तर पर आधार पंजीकरण के दौरान प्रति बच्चे 350 रुपये की अवैध राशि ली जा रही है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा ने बिना किसी पूर्व सूचना के मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर एसडीएम ने तत्काल सख्त रुख अपनाया। अवैध वसूली में संलिप्त पाई गई एक शिक्षिका की आधार नामांकन आईडी को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का आदेश दिया गया। इसके साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी सुधीर कुमार को पूरे मामले की जांच कर शीघ्र विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों के दस्तावेज़ों से जुड़ी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या आर्थिक शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। कई स्कूलों में आधार पंजीकरण से जुड़े कार्यों की आंतरिक समीक्षा शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि सरकारी सेवाओं के नाम पर यदि कोई भी व्यक्ति धन की मांग करता है तो उसकी तुरंत सूचना संबंधित अधिकारियों या हेल्पलाइन पर दें।

एसडीएम की इस त्वरित पहल को आमजन ने सराहा है और इसे बच्चों के अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!