गोरखपुर: संघर्ष, अभाव और गरीबी के बीच पले-बढ़े एक युवा ने अपने जज्बे और मेहनत से वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसका सपना लाखों खिलाड़ी देखते हैं। गोरखपुर के साधारण परिवार से निकलकर विशाल निषाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में जगह बनाकर न सिर्फ अपने माता-पिता का, बल्कि पूरे पूर्वांचल का नाम रोशन किया है। आईपीएल ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने विशाल को उनकी बेस प्राइस 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।

21 वर्षीय विशाल निषाद एक राइट आर्म मिस्ट्री स्पिन गेंदबाज हैं, जो अपनी सटीक लाइन-लेंथ और घातक स्पिन के लिए जाने जाते हैं। विशाल, राजघाट थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद लहसड़ी गांव के निवासी हैं। उनके पिता उमेश निषाद पेशे से राजमिस्त्री हैं और माता सुनीता देवी गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर रही, लेकिन विशाल ने कभी हालातों को अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया।
बचपन से ही विशाल ने अपने पिता के साथ मजदूरी में हाथ बंटाया। कई बार काम के बाद थके शरीर के बावजूद वह क्रिकेट अभ्यास के लिए मैदान पहुंच जाते थे। बल्ला-गेंद के प्रति उनका जुनून ऐसा था कि अभावों के बीच भी उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी। पिता की आंखों में बेटे को आगे बढ़ते देखने का सपना था, जिसे पूरा करने के लिए उन्होंने सीमित आमदनी में भी क्रिकेट प्रशिक्षण दिलाने का साहसिक फैसला किया।
क्रिकेट अकादमी की फीस, किट और आने-जाने के खर्चों को पूरा करना परिवार के लिए आसान नहीं था, लेकिन माता-पिता के त्याग और सहयोग ने विशाल को आगे बढ़ने की ताकत दी। मेहनत का नतीजा तब दिखा जब विशाल ने यूपी-टी20 लीग में गोरखपुर लायंस की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। इसी दौरान उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज नीतीश राणा को आउट कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा।
वर्तमान में विशाल संस्कृति क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां उन्हें कोच कल्याण सिंह का मार्गदर्शन मिल रहा है। कोच का कहना है कि विशाल में एक बड़े स्तर का खिलाड़ी बनने की पूरी क्षमता है और उनकी मिस्ट्री स्पिन आईपीएल जैसे बड़े मंच पर विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती साबित हो सकती है।
जैसे ही आईपीएल में चयन की खबर गांव और आसपास के इलाकों में पहुंची, खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाइयां बांटीं और विशाल की सफलता को संघर्ष, धैर्य और मेहनत की जीत बताया। आज विशाल निषाद हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।


