Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

महराजगंज में बच्चों की कहासुनी बनी बवाल की वजह, दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पति-पत्नी घायल

महराजगंज में बच्चों की कहासुनी बनी बवाल की वजह, दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पति-पत्नी घायल

महराजगंज: परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत असुरैना के टोला कुकेशर में मंगलवार की देर शाम बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ा विवाद का रूप ले लिया। बच्चों के झगड़े को लेकर दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के निवासी रामचन्द्र और राम नेवास के परिवारों के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बच्चों की नोकझोंक बढ़ते-बढ़ते परिजनों तक पहुंच गई और दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए।

बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद फिर से विवाद भड़क उठा और दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट हो गई। इस दौरान पहले पक्ष के रामचन्द्र (55) और उनकी पत्नी उर्मिला (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को आसपास के लोगों की मदद से सेखुआनी चौराहे पर स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!