बुलंदशहर: जनपद के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली जघन्य घटना सामने आई है। चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची देर शाम अपने घर के आसपास खेल रही थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक लापता हो गई। बच्ची के काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के लोगों के साथ मिलकर देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। बाद में मकान के पीछे स्थित खेत में बच्ची का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्ची के पिता ने सिकंदराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने मकान में किराए पर रह रहे दो युवकों पर संदेह जताया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर पहचान उजागर होने के डर से उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और कांवरा रोड स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में छिप गए।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। जब पुलिस ने निर्माणाधीन कॉलोनी में घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपियों के पैर में लगी, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू और वीरा कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी क्रमशः लखीमपुर और बलरामपुर जिले के निवासी हैं और पीड़ित बच्ची के मकान में किराए पर रह रहे थे। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच उनका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी।
इस जघन्य घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोग आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।


