गोरखपुर: सहजनवा थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात दुर्गा पूजा देखने गए एक 14 वर्षीय किशोर की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटना सहजनवा थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पाली ब्लॉक के ग्राम सभा बनकटीया निवासी आकाश निषाद (14) अपने दोस्तों के साथ बाइक से सहजनवा दुर्गा पूजा देखने गया था। देर रात लगभग 12 बजे सिनेमा रोड पर उसकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई।
आरोप है कि टक्कर के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने आकाश को घेरकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ गए तीन साथी निक्की (12), विशाल (15) और रंजीत (15) भी बुरी तरह जख्मी हो गए।
गंभीर हालत में चारों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और देर रात करीब 3 बजे शव लेकर नौसड़ के पास पेट्रोल पंप पर सड़क जाम कर दिया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जोरदार हंगामा किया।
सूचना पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह शांत कराया। थाना प्रभारी महेश चौबे ने बताया कि देर रात दो बाइकों की टक्कर और युवकों के घायल होने की सूचना मिली थी। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान आकाश की मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


