Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

पत्रकारों की मान्यता और सुरक्षा पर बुलंदशहर में उठी एकजुट आवाज़, सांसद को सौंपा गया सात सूत्रीय ज्ञापन

पत्रकारों की मान्यता और सुरक्षा पर बुलंदशहर में उठी एकजुट आवाज़, सांसद को सौंपा गया सात सूत्रीय ज्ञापन

बुलंदशहर: पत्रकारों की सुरक्षा, मान्यता और सामाजिक संरक्षण को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर बुलंदशहर जनपद के पत्रकारों ने एकजुट होकर अपनी आवाज़ बुलंद की। रविवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद डॉ. भोला सिंह से मुलाकात कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष ठाकुर विजय राघव के नेतृत्व में तहसील और जनपद स्तर से पहुंचे पत्रकारों ने सांसद आवास पर पहुंचकर पत्रकारों की जमीनी समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार सीमित संसाधनों और लगातार बढ़ते जोखिमों के बीच निष्पक्ष पत्रकारिता निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो पर्याप्त सुरक्षा मिल पा रही है और न ही मान्यता व कल्याणकारी सुविधाएं।

जिलाध्यक्ष ठाकुर विजय राघव ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन प्रदेश का सबसे बड़ा पंजीकृत संगठन है, जो प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों का प्रतिनिधित्व करता है और उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों तथा 75 जनपदों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा प्रश्न है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से तहसील स्तर पर कार्यरत दैनिक समाचार पत्रों के पत्रकारों को मान्यता व सुरक्षा देने, पत्रकारों पर प्राथमिकी दर्ज करने से पहले किसी राजपत्रित अधिकारी द्वारा निष्पक्ष जांच अनिवार्य करने, पत्रकारों की समस्याओं के समाधान हेतु ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन, सभी पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई।

इसके अलावा पत्रकारिता की स्वतंत्रता को संरक्षित करने के लिए जिला स्तर पर स्थायी पत्रकार समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा प्रदेश स्तरीय पत्रकार मान्यता समिति और विज्ञापन मान्यता समिति में संगठन के दो प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

सांसद डॉ. भोला सिंह ने पत्रकारों की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाकर संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान कराने का हर संभव प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ महामंत्री सुरेंद्र सिंह भाटी, मंडल अध्यक्ष संजय गोयल, जिला मंत्री सुरेश भाटी, प्रदीप तोमर, अरुण चौधरी, जे.पी. गुप्ता, कपिल राघव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Related Articles

error: Content is protected !!