महराजगंज: नगर पंचायत पनियरा स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 25 वर्षीय महिला की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल के डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के पिता व्यास कन्नौजिया की तहरीर पर थाना पनियरा पुलिस ने यह केस दर्ज किया, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, तेंदुअहिया गांव निवासी पूजा कन्नौजिया को 18 फरवरी 2026 को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन पहले पनियरा क्षेत्र में दिखाने ले गए। इसके बाद नगर पंचायत पनियरा के न्यू ज्योतिमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद सिजेरियन ऑपरेशन की आवश्यकता बताते हुए 40 हजार रुपये जमा कराए।
परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिससे पूजा को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। रात भर उसकी हालत बिगड़ती रही, लेकिन समय रहते न तो उचित इलाज किया गया और न ही किसी बड़े अस्पताल को रेफर किया गया। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जब महिला की स्थिति बेहद नाजुक हो गई, तो बिना परिजनों को पूरी जानकारी दिए उसे गोरखपुर ले जाया गया। रास्ते में ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भी महिला को मृत बताया गया।
मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर फर्जी था और अस्पताल के रिकॉर्ड में डॉक्टर का नाम गलत दर्ज किया गया था। उनका दावा है कि वास्तविक ऑपरेशन किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किया गया, जिसकी वजह से पूजा की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर न्यू ज्योतिमा अस्पताल के डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


