लखनऊ: सीतापुर जेल से समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां की रिहाई के बाद सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहली प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि “हर झूठ की एक मियाद होती है। भाजपा को सामाजिक सौहार्द के प्रतीक लोग कभी अच्छे नहीं लगते।”
अखिलेश यादव ने एक्स पर जारी अपने बयान में कहा कि आजम खां की रिहाई उनके परिवार, पार्टी और उन सभी लोगों के लिए राहत और खुशी की बात है जो इंसाफ में विश्वास रखते हैं। उन्होंने न्यायालय का धन्यवाद करते हुए कहा कि न्याय में भरोसा कायम है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि आज फर्जी मुकदमे दर्ज कराने वालों को भी यह सबक मिल गया है कि हर झूठ और हर साज़िश की एक सीमा होती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आजम खां एक बार फिर उपेक्षित, पीड़ित और अपमानित लोगों की आवाज़ बनकर भाजपा और उसके साथियों के दमन के खिलाफ खड़े होंगे।
गौरतलब है कि आजम खां मंगलवार को लगभग दो साल बाद सीतापुर जेल से रिहा हुए और वहां से सीधे अपने गृह जनपद रामपुर रवाना हो गए।


