महराजगंज: जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच ड्यूटी आवंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षकों में नाराजगी तेज हो गई है। बुधवार को बड़ी संख्या में शिक्षक तहसील मुख्यालय पहुंचे और तहसीलदार नौतनवा को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

शिक्षकों का कहना है कि ड्यूटी निर्धारण में वरिष्ठता और वेतनमान की अनदेखी की गई है। आरोप है कि 4600 और 4800 ग्रेड-पे वाले वरिष्ठ एवं अनुभवी शिक्षकों को प्रगणक (Enumerator) की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि 2800 और 4200 ग्रेड-पे वाले अपेक्षाकृत कनिष्ठ कर्मचारियों को पर्यवेक्षक (Supervisor) बनाया गया है। इसे शिक्षकों ने प्रशासनिक असंतुलन और भेदभावपूर्ण निर्णय करार दिया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था न केवल उनके पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि सेवा नियमों के भी विपरीत है। वरिष्ठ कर्मचारियों को कनिष्ठों के अधीन कार्य करने के लिए बाध्य करना अनुचित है और इससे कार्य प्रणाली पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने मांग की है कि ड्यूटी आवंटन में हुई इस विसंगति को तत्काल दूर किया जाए और कर्मचारियों की वरिष्ठता व अनुभव के अनुरूप जिम्मेदारियां तय की जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुधार नहीं किया गया, तो शिक्षक समाज अपनी गरिमा की रक्षा के लिए आगे की रणनीति अपनाने को बाध्य होगा।
इस दौरान महेंद्र यादव, यशोदा नंद भारती, मनिराम प्रसाद, विपिन कुमार, ओमप्रकाश, अमरनाथ कुशवाहा, विनय सिंह, विवेक सिंह, अवधेश कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।


