Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

कुशीनगर में मानवता की मिसाल: उड़ान वेलफेयर सोसाइटी का सराहनीय योगदान, सामाजिक सहयोग से सजी निर्धन बिटिया की शादी

कुशीनगर में मानवता की मिसाल: उड़ान वेलफेयर सोसाइटी का सराहनीय योगदान, सामाजिक सहयोग से सजी निर्धन बिटिया की शादी

कुशीनगर: सेवरही विकासखंड के ग्राम सभा सलेमगढ़ में मानवता और सामाजिक सरोकारों की एक प्रेरणादायी तस्वीर उस समय देखने को मिली, जब एक निर्धन और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बिटिया की शादी में उड़ान वेलफेयर सोसाइटी ने निर्णायक भूमिका निभाई। विवाह के दिन बारातियों के स्वागत हेतु नाश्ता और भोजन जैसी बुनियादी व्यवस्था भी परिवार के लिए संभव नहीं हो पा रही थी, जिसे संस्था के युवाओं ने मिलकर पूरा कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक 25 फरवरी को उक्त परिवार की बड़ी बेटी का विवाह था। बिटिया के पिता का देहांत लंबी बीमारी के बाद पहले ही हो चुका है। परिवार में अब वृद्ध मां, दो छोटी बहनें और एक नाबालिग भाई हैं। मजदूरी के सहारे किसी तरह जीवन यापन कर रही मां ने अपनी सीमित क्षमता में बेटी का रिश्ता तय किया, लेकिन विवाह की तारीख नजदीक आते-आते आर्थिक तंगी और बढ़ गई। बारात के स्वागत की तैयारी अधूरी रह गई और नाश्ता व भोजन की व्यवस्था नहीं हो सकी।

इसी दौरान जैसे ही इस स्थिति की जानकारी उड़ान वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों को मिली, वे तुरंत परिवार के घर पहुंचे। संस्था के युवाओं ने आपसी सहयोग से आवश्यक संसाधन जुटाए और बारातियों के लिए नाश्ता, पानी व भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके साथ ही वे परिजनों के संपर्क में रहकर हर छोटी-बड़ी कमी को दूर करते रहे और बिटिया की विदाई तक परिवार के साथ खड़े रहे।

इस पहल ने यह संदेश दिया कि पिता के न होने की कमी को समाज अपनी संवेदनशीलता और सहयोग से पूरा कर सकता है। बिन-बाप की बिटिया की शादी में किसी प्रकार की कमी या असहजता न हो इसी सोच के साथ संस्था ने जिस तरह जिम्मेदारी निभाई, उसने सभी का दिल छू लिया।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक व समाजसेवी मुकुल शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवार को यह भरोसा देना है कि खुशी और संकट दोनों में समाज उनके साथ है। कार्यक्रम में सहसंस्थापक रितेश ठाकुर सहित राजन वर्मा, रवि गौतम, विकास वर्मा, संदीप यादव, सतीश गुप्ता, प्रिंस ठाकुर, अभिषेक पटेल, आकाश पटेल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। विशेष सहयोग जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी विशाल सिंह पटेल का रहा।

उड़ान वेलफेयर सोसाइटी की यह पहल समाज को यह सीख देती है कि यदि हर व्यक्ति छोटे-छोटे खर्चों में थोड़ी बचत कर ले, तो उससे किसी मजबूर परिवार की बड़ी मदद की जा सकती है। यही सामूहिक सहयोग समाज को मजबूत बनाता है और इंसानियत को नई उड़ान देता है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!