Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

बुलंदशहर में पशु क्रूरता का मामला, पिकअप में अमानवीय तरीके ढोई जा रहीं भैंसें, घायल पशुओं ने खोली सच्चाई

बुलंदशहर में पशु क्रूरता का मामला, पिकअप में अमानवीय तरीके ढोई जा रहीं भैंसें, घायल पशुओं ने खोली सच्चाई

बुलंदशहर: मेरठ-बदायूं हाईवे पर मंगलवार को पशु क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया, जब महिन्द्रा पिकअप में अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाई जा रही 10 भैंसों को गौरक्षक दल की मदद से पुलिस ने पकड़ा। इस दौरान दो भैंसें गंभीर रूप से घायल पाई गईं। पुलिस ने वाहन को सीज करते हुए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मेरठ-बदायूं हाईवे स्थित अनूपम मैरिज होम के पास गौरक्षक दल के पदाधिकारी शिवम शिकारपुरिया ने संदिग्ध रूप से तेज रफ्तार में जा रही महिन्द्रा पिकअप को रुकवाया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर भैंसों को बेहद क्रूरता के साथ बांधकर ठूंस दिया गया था। पूछताछ में वाहन में सवार लोगों ने भैंसों को कुर्बानी के लिए ले जाने की बात कही।

गौरक्षक दल द्वारा पशु परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई भी वैध अनुमति पत्र या पशुओं का मेडिकल सर्टिफिकेट प्रस्तुत नहीं कर सका। शिवम शिकारपुरिया ने बताया कि तेज रफ्तार और अव्यवस्थित ढंग से पशुओं को ले जाने के कारण दो भैंसों को गंभीर चोटें आई थीं। विरोध करने पर वाहन मालिक पक्ष के लोग झगड़े पर उतारू हो गए, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर शिकारपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को कब्जे में लेकर भैंसों को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम व अवैध पशु परिवहन से संबंधित धाराओं में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

इस संबंध में शिकारपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चन्दगीराम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए महिन्द्रा पिकअप वाहन को सीज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना वैध अनुमति के पशुओं का परिवहन करना कानूनन अपराध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध पशु कटान और नियमों की अनदेखी कर पशु परिवहन की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

error: Content is protected !!