महराजगंज: आशा कार्यकत्री एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर जनपद की आशा कार्यकत्रियों और आशा संगिनियों ने सोमवार, 3 नवंबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया है। शनिवार को छठवें दिन भी यह आंदोलन जारी रहा। कार्यकत्रियों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों को पूरा नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
ब्लॉक अध्यक्ष साधना मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेशभर में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों का बहिष्कार किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले की सभी आशा कार्यकत्रियां और संगिनियां ब्लॉक मुख्यालयों, सीएचसी और पीएचसी पर बैठकर कार्य बहिष्कार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान केवल प्रसव कार्य को छोड़कर अन्य सभी कार्य स्थगित रहेंगे।
संघ की ओर से सीएमओ और जिलाधिकारी को इस बहिष्कार की लिखित सूचना दी गई है। आशा कार्यकत्रियों की आठ सूत्रीय मांगों में राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम मजदूरी के अनुसार मानदेय तय करने, आयुष्मान कार्ड व 10 लाख का दुर्घटना बीमा, आश्रितों को नौकरी, आशा कार्ड की धनराशि सीधे खाते में भेजने, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना का कार्यभार सौंपने और बकाया भुगतान जैसे मुद्दे शामिल हैं।
ब्लॉक अध्यक्ष साधना मिश्रा ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान निर्मला देवी, गीता यादव, निर्मला गुप्ता, सुमन पासवान और संध्या वर्मा ने कहा कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


