बुलंदशहर: विश्व एड्स दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शिकारपुर में सोमवार को कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज, बुलंदशहर के एमबीबीएस छात्रों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना और रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वास्थ्य वार्ता से हुई। एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र- सूरज, श्रुति, सिमरन, सौम्या, सृष्टि और तनु ने बताया कि एचआईवी कैसे फैलता है, इसके शुरुआती लक्षण क्या होते हैं और सुरक्षित यौन व्यवहार, स्वच्छ सुई का उपयोग तथा नियमित जांच क्यों महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंकिता सिंह, डॉ. स्वाति सारस्वत और जूनियर रेजिडेंट डॉ. आजेंद्र मालिक ने भी अपनी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर एचआईवी की जांच व उपचार बिल्कुल निःशुल्क उपलब्ध है, इसलिए लोगों को बिना झिझक नियमित जांच करवानी चाहिए।
स्वास्थ्य वार्ता के बाद छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली CHC परिसर से शुरू होकर आसपास के इलाकों से होकर वापस केंद्र पर समाप्त हुई। रैली में “जानकारी ही सुरक्षा है” और “एड्स से बचाव-जांच और जागरूकता” जैसे प्रभावी संदेशों के साथ पोस्टर और बैनर के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।
रैली के दौरान CHC शिकारपुर के प्रभारी डॉ. शशि शेखर सिंह भी उपस्थित रहे। आमजन, मरीजों तथा स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विश्व एड्स दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक और सतर्क बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ।


