Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

लोकतंत्र की मजबूती के लिए भाजपा ने कसी कमर, जिला कार्यालय पर हुई अहम बैठक, SIR पर फोकस

लोकतंत्र की मजबूती के लिए भाजपा ने कसी कमर, जिला कार्यालय पर हुई अहम बैठक, SIR पर फोकस

बुलंदशहर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर शुक्रवार को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री वसंत त्यागी उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने की, जबकि संचालन भाजपा नेता जयप्रकाश शर्मा ने किया। इस अवसर पर सदर विधायक प्रदीप चौधरी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में जनपद की सभी विधानसभाओं से मंडल प्रवासी एवं मंडल संयोजक शामिल हुए। मुख्य अतिथि वसंत त्यागी ने SIR कार्यक्रम की प्रगति की मंडलवार समीक्षा की और आगामी कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में अवश्य दर्ज हो और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को समय रहते सुधारा जाए।

जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि SIR अभियान पार्टी के लिए संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची ही निष्पक्ष और मजबूत लोकतंत्र की पहचान है। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को जनसेवा का कार्य मानकर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मतदान अधिकार का उपयोग कर सके।

बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के पदाधिकारी, प्रवासी मंडल संयोजक सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

error: Content is protected !!