महराजगंज: भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में रविवार की शाम जमीनी विवाद के चलते खूनखराबा हो गया। पुरानी रंजिश इतनी गहरी हो गई कि मामला अचानक हत्या तक पहुंच गया। गांव के 55 वर्षीय विनोद तिवारी पर वतन वर्मा पुत्र बैजनाथ वर्मा ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद अचानक भड़का और हमलावर ने विनोद तिवारी की गर्दन पर कई वार कर दिए। वार इतने गंभीर थे कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच वर्षों से जमीन को लेकर तनाव बना हुआ था, जो रविवार को बड़ी घटना में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस भारी फोर्स के साथ गांव पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेराबंदी में ले लिया। मौके पर एएसपी सिद्धार्थ कुमार भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एएसपी सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना के बाद से ही गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले को गंभीरता से जांच रही है।


