Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

कुशीनगर में सख्त पहरे के बीच हुई बोर्ड परीक्षा, परीक्षार्थियों की सुविधा और निष्पक्षता प्रशासन की प्राथमिकता

कुशीनगर में सख्त पहरे के बीच हुई बोर्ड परीक्षा, परीक्षार्थियों की सुविधा और निष्पक्षता प्रशासन की प्राथमिकता

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कुशीनगर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

18 फरवरी को सुबह की पाली में हाईस्कूल तथा दोपहर की पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आयोजित की गईं। परीक्षा से पूर्व ही समय-सारिणी की जानकारी परीक्षार्थियों एवं संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दी गई थी। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में परीक्षा को नकलविहीन बनाए रखने के लिए प्रशासन ने संवेदनशील और संभावित परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की।

निरीक्षण के दौरान थाना रविंद्रनगर धूस क्षेत्र स्थित एस.बी. इंटरमीडिएट कॉलेज, सांढ़ी खुर्द तथा थाना कसया क्षेत्र के किसान इंटरमीडिएट कॉलेज, साखोपार पहुंचकर डीएम और एसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों एवं सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित गतिविधि पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश दिए, ताकि बाहरी हस्तक्षेप को रोका जा सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि परीक्षार्थियों को प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल और शांति व्यवस्था से जुड़ी किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षा की शुचिता सर्वोपरि है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस सक्रियता से जिले में परीक्षाएं अनुशासित और भरोसेमंद माहौल में संपन्न कराने का संदेश गया।

author

Related Articles

error: Content is protected !!