महराजगंज: जनपद के चौक थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम टीकर परसौनी निवासी महिला ने एक युवक समेत चार लोगों पर साजिश रचकर उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता की मां लीलावती गौतम ने थाना चौक में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री 2 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे घर से अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद जानकारी हुई कि सन्डा खुर्द, थाना कोठीभार निवासी सत्यम उर्फ दीपक चौहान पुत्र रामदरबारी चौहान उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया।
पीड़िता की मां का आरोप है कि उक्त युवक उनके गांव टीकर परसौनी में अपने नाना उदयभान चौहान के यहां रह रहा था। इस अपहरण की घटना में उदयभान चौहान, उषा देवी और सोनू चौहान ने मिलकर पूरी साजिश रची और किशोरी को भगाने में सहयोग किया।
परिजनों का कहना है कि घटना को पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि जब भी वह थाने जाती हैं तो पुलिस उन्हें “कल आना” कहकर टाल देती है।
मामले से आहत पीड़िता की मां ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी नाबालिग बेटी की जल्द सकुशल बरामदगी नहीं होती है तो वह एसपी कार्यालय पर आत्मदाह करने को मजबूर होंगी।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।


