गाजियाबाद: होटल कारोबारी राहुल डागर की हत्या के साढ़े सात महीने बाद उनकी पत्नी को फ़ोन पर जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। गाली-गलौज करते हुए धमकी देने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि उसे यह काम करने के लिए पैसे दिए गए हैं। घटना से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है।
बता दें, सिकरोड गांव निवासी सोनिया ने नंदग्राम थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि 17 जनवरी को दोपहर 12:14 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने यह भी कहा कि धमकी देने और गाली देने के लिए उसे रुपये मिले हैं।
सोनिया के यह भी बताया कि, कॉल काटने के बाद भी आरोपी बार-बार फोन करता रहा, जिससे वह भयभीत हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और थाने पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी।
उल्लेखनीय है कि 1 जून 2025 की रात राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक रेजिडेंसी सोसाइटी के सामने पार्टनरशिप विवाद में होटल कारोबारी राहुल डागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में उनके भतीजे आशीष को भी गोली लगी थी, जो गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस हत्याकांड में कई आरोपियों को नामजद मुकदमा करते हुए पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
हालांकि, परिजनों ने प्रारंभिक विवेचना को लेकर नंदग्राम पुलिस पर आरोपियों को बचाने के आरोप लगाए थे। इसके बाद अधिकारियों ने मामले की जांच विजयनगर थाने को स्थानांतरित कर दी थी।
इस संबंध में एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने हिन्दी एक्सप्रेस न्यूज़ से बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


