Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

देवरिया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, सरिया लदा ट्रक गायब करने वाला चालक गिरफ्तार, पढ़िए पूरी ख़बर

देवरिया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, सरिया लदा ट्रक गायब करने वाला चालक गिरफ्तार, पढ़िए पूरी ख़बर

देवरिया: एक माल मालिक का भरोसा जब धोखे में बदल गया, तब मामला सीधे अपराध की श्रेणी में पहुंच गया। पटना से हरदोई भेजा जा रहा 25 टन सरिया रास्ते में ही गायब हो गया, लेकिन देवरिया पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने इस गबन कांड की परतें खोल दीं। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार करते हुए न सिर्फ गबन में प्रयुक्त ट्रक बरामद किया, बल्कि सरिया की अवैध बिक्री से मिली ₹4 लाख 75 हजार रुपये नकद भी जब्त कर लिए।

घटना 1 फरवरी की है। सरिया से लदा ट्रक पटना से रवाना हुआ था, जिसे हरदोई पहुंचना था। माल सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी जिस चालक पर थी, उसी ने अपने खलासी के साथ मिलकर योजना बनाई। रास्ते में ट्रक को अलग दिशा में मोड़ा गया और सरिया को श्रावस्ती ले जाकर ठिकाने लगा दिया गया। जांच में सामने आया कि पूरे 25 टन सरिया को ₹7.50 लाख में बेच दिया गया।

गबन के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और ट्रक को थाना मईल क्षेत्र के बरेजी पुल के पास छोड़कर फरार हो गए। ट्रक के लापता होते ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू हुई।

मुखबिर की पुख्ता सूचना पर पुलिस ने कुण्डौली तिराहे के पास से अभियुक्त अजय यादव, निवासी उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ट्रक संख्या UP 78 CN 5845 और सरिया बिक्री से प्राप्त ₹4,75,000 नकद बरामद हुए। पुलिस का मानना है कि शेष रकम अन्य सहयोगियों के पास हो सकती है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बरहज के पर्यवेक्षण में थाना मईल और बरहज पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

देवरिया पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे यह स्पष्ट संदेश जाता है कि विश्वासघात और आपराधिक साजिश करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!