महराजगंज: नौतनवा ब्लॉक के रतनपुर गाँव में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कम्पोजिट विद्यालय समेत क्षेत्र के करीब आधा दर्जन स्कूलों में अध्ययनरत सैकड़ों छात्र-छात्राओं को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई।
आरबीएसके टीम रतनपुर के चिकित्सकों ने विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों, किशोरों और किशोरियों को कृमि संक्रमण से होने वाली समस्याओं की जानकारी दी। टीम के चिकित्सक डॉ. एस.के. त्रिपाठी ने बताया कि पेट में मौजूद कृमि बच्चों की पोषण क्षमता, शारीरिक वृद्धि और मानसिक विकास को प्रभावित करते हैं, इसलिए समय पर दवा का सेवन बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को हाथ धोने, स्वच्छ भोजन करने और साफ-सफाई बनाए रखने की भी सलाह दी।
चिकित्सकों ने बताया कि सरकार की इस योजना के तहत एक वर्ष से 19 वर्ष आयु वर्ग तक के सभी बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल दवा पूरी तरह निःशुल्क दी जाती है, जिससे कृमि जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
अभियान के दौरान डॉ. जे.पी. चौधरी, जितेंद्र त्रिपाठी, सुनील चंद्र, रामसुभाष सहित विद्यालय की स्टाफ रेनूलता, साईदा खातून, मधु अग्रहरी, प्रियंका चौरसिया, सुनीता कुमारी, शिक्षा मित्र गोविंद साहनी, साफिया खातून एवं अन्य शिक्षक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।


