Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

Maharajganj: परतावल में गरिमामय हिन्दू सम्मेलन, राष्ट्र, धर्म और संस्कार पर हुआ चिंतन

Maharajganj: परतावल में गरिमामय हिन्दू सम्मेलन, राष्ट्र, धर्म और संस्कार पर हुआ चिंतन

महराजगंज: परतावल बाजार स्थित पंचायत इंटर कॉलेज में आयोजित हिन्दू सम्मेलन गरिमामय एवं राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत वातावरण में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में सनातन संस्कृति, मातृशक्ति की भूमिका तथा सामाजिक संगठन की आवश्यकता पर विस्तार से विचार रखे गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मातृशक्ति जयंती त्रिपाठी ने कहा कि जब मातृशक्ति जागृत होती है, तब पीढ़ियाँ संस्कारित होती हैं और राष्ट्र सशक्त बनता है। उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वह राष्ट्र की दिशा और दशा तय करने वाली मूल शक्ति है।

मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर श्री महेश योगी जी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म सम्पूर्ण मानवता का मार्गदर्शक है। भारत ने कभी आक्रमण की नीति नहीं अपनाई, बल्कि विश्व को ज्ञान, योग और शांति का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि धर्म से विचलन समाज में संकट लाता है, जबकि धर्म जागरण से नवचेतना का संचार होता है।

मुख्य वक्ता रमेश जी ने कहा कि आज हिन्दू समाज को अपनी शक्ति पहचानने और संगठित होने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन, संस्कार और सेवा ही राष्ट्र निर्माण के तीन मजबूत स्तंभ हैं। हिन्दू समाज का जागरण ही राष्ट्र ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष रघुनाथ जी ने सभी आगंतुकों, आयोजकों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात भारत माता की आरती के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

कार्यक्रम का संचालन जीवेश मिश्रा ने किया।

सम्मेलन में अजय पटेल, अजीत, ज्ञानेंद्र सिंह, विनय सिंह, अजय गौतम, धीरेंद्र त्रिपाठी, निर्भय सिंह, आनंद वर्मा, आनंद शंकर वर्मा, सतीश मधेशिया, विनय, आदर्श, विवेक पटेल, काशीनाथ सिंह, सचिन सिंह, निलेश एवं इंद्रजीत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!