ब्रिटेन की 23 साल की लॉ स्टूडेंट मिया ओ’ब्रायन दुबई में उम्रकैद की सजा काट रही है। GoFundMe पर उसकी मदद के लिए फंडरेजर भी बनाया गया था, जिसे नियमों के उल्लंघन के चलते हटा दिया गया। जानिए मिया ने ऐसा कौन सा अपराध किया कि उसे उम्रकैद की सजा सुना दी गई।
आज की दुनिया में छोटी सी गलती जिंदगी बदल देती है। ब्रिटेन की 23 साल की लॉ स्टूडेंट मिया ओ’ब्रायन इसी का जीता-जागता उदाहरण हैं। पढ़ाई के सपनों के साथ यूनिवर्सिटी पहुंची यह लड़की अब दुबई की सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रही है।
मिया की मां, डेनिएल मैकेना (46), का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी को पिछले साल अक्टूबर से नहीं देखा। मां का कहना है कि मिया बहुत सीधी-सादी लड़की थी लेकिन गलत दोस्तों के चक्कर में फंस गई और उसने बहुत बड़ी बेवकूफी कर दी, जिसकी कीमत अब उम्रकैद बन गई है।
फंडरेजर भी हटा दिया गया
मिया की मदद के लिए एक GoFundMe पेज बनाया गया था, लेकिन बाद में उसे हटा दिया गया। कंपनी ने साफ किया कि उनके नियमों के तहत आपराधिक मामलों की लीगल डिफेंस के लिए फंड इकट्ठा नहीं किया जा सकता, इसलिए पेज को डिलीट करना पड़ा।
दुबई में उम्रकैद का मतलब
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में उम्रकैद का मतलब 15 से 25 साल तक जेल हो सकता है। वहां के सख्त कानून ड्रग्स की तस्करी या कब्जे, हत्या, मानव तस्करी और आतंकवाद जैसी गतिविधियों पर सीधे-सीधे भारी सजा सुनाते हैं।
क्या किया था मिया ने?
परिवार ने यह नहीं बताया कि मिया ने कौन सा अपराध किया था। लेकिन ब्रिटेन के मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसे अक्टूबर में करीब 50 ग्राम क्लास-ए ड्रग्स के साथ पकड़ा गया था। इनकी कीमत करीब ढाई हजार पाउंड (लगभग 3 लाख रुपये) बताई जा रही है।


