Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

कुशीनगर से रातों-रात बिहार भेजी जा रही थी खाद, पुलिस ने ऐसे खोली पोल, जानिए पूरा अपडेट

कुशीनगर से रातों-रात बिहार भेजी जा रही थी खाद, पुलिस ने ऐसे खोली पोल, जानिए पूरा अपडेट

कुशीनगर: जिले में खाद की कालाबाज़ारी पर नकेल कसते हुए तमकुहीराज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी डीबनी बंजरवा की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध रूप से बिहार भेजी जा रही खाद की खेप को पकड़ते हुए 46 बोरी यूरिया खाद और 6 बोरी केमिकल जब्त किया है। यह कार्रवाई किसानों की लगातार शिकायतों के बाद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार 3 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे, चौकी प्रभारी अवनीश कुमार सिंह पुलिसकर्मियों दिनेश पांडेय व पवन कुमार के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दो वाहनों के जरिए अवैध रूप से रासायनिक उर्वरक बिहार भेजा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई और एक वाहन लोकापट्टी तथा दूसरे वाहन को हाईवे पर माधोपुर बुजुर्ग के पास से पकड़ लिया।

पुलिस द्वारा जब वाहन चालकों से खाद से संबंधित वैध कागजात मांगे गए तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में चालकों ने बताया कि खाद परसौनी बाजार स्थित कुशवाहा खाद भंडार से लोड की गई थी। इसके बाद दोनों वाहनों को पुलिस चौकी पर खड़ा कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू की गई।

मामले की सूचना जिला कृषि अधिकारी को दी गई, जिसके बाद एडीओ एग्रीकल्चर तमकुहीराज मदन गौतम मौके पर पहुंचे और संबंधित खाद दुकान पर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर और भौतिक स्टॉक का मिलान नहीं हो सका, जिस पर स्टॉक रजिस्टर को सीज कर दिया गया।

एडीओ एग्रीकल्चर मदन गौतम ने बताया कि अवकाश के कारण अंगूठा मशीन का सत्यापन नहीं हो पाया है, जिसे सोमवार को कराया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद का वितरण नियमों के अनुरूप किया गया था या नहीं।

चौकी प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि किसानों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी कि कुछ खाद दुकानदार रात के अंधेरे में खाद बिहार भेज रहे हैं, जिससे स्थानीय किसानों को समय पर उर्वरक नहीं मिल पा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क थी और इसी के तहत यह कार्रवाई की गई।

वहीं खाद दुकानदार का दावा है कि पकड़ी गई यूरिया खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है और उसका विवरण वितरण पंजिका में दर्ज है। अब पूरे मामले की जांच का केंद्र अंगूठा मशीन, वितरण रजिस्टर और स्टॉक रिकॉर्ड बना हुआ है।

फिलहाल पूरे प्रकरण की सूचना उपजिलाधिकारी को दे दी गई है। कृषि विभाग और प्रशासन की संयुक्त जांच जारी है। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकानदार व अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!