गोरखपुर: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को गोरखपुर स्थित महेवा नवीन गल्ला मंडी में छापेमारी कर दो ट्रक लाल आलू जब्त किए। विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बाजार में अखाद्य रंग मिलाकर आलू बेचे जा रहे हैं। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान आलू के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

डॉ. सिंह ने बताया कि अखाद्य रंग से चमकदार बनाए गए आलू हाथ से छूने पर भी रंग छोड़ देते हैं। ऐसे आलू का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इससे त्वचा, लीवर और किडनी पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए आलू तमिलनाडु के वेल्लोर सहित उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद, उन्नाव, कन्नौज और बाराबंकी से गोरखपुर मंडी में लाए जा रहे थे। सफेद आलू को लाल दिखाने के लिए इसमें रंग मिलाया जा रहा था, जिससे कारोबारी ज्यादा मुनाफा कमा सकें।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बाजार में ऐसे आलू बेचते पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।


