Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

NEET छात्र हत्याकांड मामले में गोरखपुर SSP की बड़ी कार्यवाही, चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी निलंबित

NEET छात्र हत्याकांड मामले में गोरखपुर SSP की बड़ी कार्यवाही, चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी निलंबित

गोरखपुर: जिले में गोकशी करने वाले तस्करों द्वारा NEET की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय युवक दीपक की हत्या के मामले ने बड़ा तूल पकड़ लिया है। घटना में गंभीर लापरवाही सामने आने पर एसएसपी गोरखपुर राज करण नैय्यर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पिपराइच थाना क्षेत्र की जंगल धूषण चौकी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

बता दें, सोमवार की देर रात करीब 3 बजे पिपराइच के जंगल धूषण गांव में पशु तस्कर तीन गाड़ियों के साथ पहुंचे और बंधे मवेशियों को खोलने लगे। हलचल से ग्रामीण जाग गए और विरोध में बाहर निकल आए। इसी दौरान नीट की तैयारी कर रहा 19 वर्षीय दीपक भी ग्रामीणों के साथ तस्करों का पीछा करने लगा।

भागते समय तस्करों की एक गाड़ी कीचड़ में फंस गई, जिसके बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। अफरातफरी में तस्करों ने दीपक को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। कुछ ही घंटों बाद उसका शव गांव से लगभग 4 किलोमीटर दूर सरैया गांव में बरामद हुआ।

एसएसपी ने बताया कि युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौत हुई। गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल एक तस्कर ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा था, जो घायल है और उसका इलाज कराया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोकशी और हत्या जैसे अपराधों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण तस्कर बेखौफ हैं और लंबे समय से इलाके में सक्रिय हैं। दीपक की मौत के बाद लोगों ने मांग की है कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!