Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

भूमि पूजन के साथ शुरू हुई विराट हिन्दू सम्मेलन की ऐतिहासिक तैयारी, जन-जन तक पहुंचा जागरूकता का संदेश

भूमि पूजन के साथ शुरू हुई विराट हिन्दू सम्मेलन की ऐतिहासिक तैयारी, जन-जन तक पहुंचा जागरूकता का संदेश

महराजगंज: समस्त हिन्दू समाज को संगठित करने, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से परतावल क्षेत्र में विराट हिन्दू सम्मेलन के अंतर्गत भूमि पूजन कार्यक्रम एवं विशाल मोटरसाइकिल जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली और पूरा क्षेत्र दिनभर उत्सवमय वातावरण में सराबोर रहा।

प्रातः 11 बजे पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल बाजार परिसर में आयोजन समिति के महामंत्री रघुनाथ जी के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत भूमि पूजन सम्पन्न कराया गया। आचार्यों द्वारा कराए गए पूजन-अर्चन में उपस्थित सनातन बंधुओं ने हिन्दू समाज की एकता, संस्कृति की रक्षा और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। भूमि पूजन के बाद आयोजकों ने आगामी सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए।

भूमि पूजन कार्यक्रम के उपरांत परतावल क्षेत्र में एक भव्य मोटरसाइकिल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में युवाओं, मातृशक्ति और सनातन समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली परतावल के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। भगवा ध्वजों से सजी बाइकों और गगनभेदी जयघोषों से संपूर्ण क्षेत्र भगवामय हो गया।

रैली के दौरान “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” और “संगठित हिन्दू-समर्थ भारत” जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा।

जागरूकता रैली के माध्यम से आगामी 26 दिसंबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल बाजार में आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। आयोजकों ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मेलन से जोड़ना और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना है। रैली में शामिल लोगों में सम्मेलन को लेकर विशेष उत्साह और प्रतिबद्धता देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में 26 दिसंबर को आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि आज की अभूतपूर्व सहभागिता यह दर्शाती है कि हिन्दू समाज पूरी तरह संगठित है और सम्मेलन की सफलता के लिए दृढ़ संकल्पित है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष अंशुमान त्रिपाठी ने कार्यक्रम की सफलता पर समस्त सनातन समाज, युवाओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में 26 दिसंबर को पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल बाजार पहुँचकर विराट हिन्दू सम्मेलन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विनय, जीवेश मिश्रा, आदर्श, अजय पटेल, विनय सिंह, अजय गौतम, धीरेंद्र त्रिपाठी, निर्भय सिंह, आनंद वर्मा, सतीश मधेशिया, विवेक पटेल, काशीनाथ सिंह, सचिन सिंह, निलेश एवं इंद्रजीत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता और सनातन समाज के लोग उपस्थित रहे।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!