Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

कुशीनगर: गांव की नाली में पड़ा मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

कुशीनगर: गांव की नाली में पड़ा मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

कुशीनगर: सेवरही थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरी जगदीश गांव में मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के लोगों ने पूर्व प्रधान डॉ. आत्मा कुशवाहा के घर के सामने से गुजर रही नाली में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह ग्रामीणों की नजर नाली में पड़े युवक पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना सेवरही पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक की उम्र लगभग 20 वर्ष आंकी जा रही है। उसका रंग गोरा बताया जा रहा है। शव काले रंग की जैकेट, आसमानी रंग की जींस पैंट और सफेद जूते पहने हुए अवस्था में मिला। युवक के दाहिने हाथ में सफेद धातु का कड़ा था और उसके पास एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी। अचानक गांव में शव मिलने की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल कुशीनगर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत हादसा है या किसी साजिश का परिणाम।

घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि युवक गांव तक कैसे पहुंचा और नाली में शव किन परिस्थितियों में मिला।

author

Related Articles

error: Content is protected !!