महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डिंगुरी स्थित बागीचे के पास मुजुरी-पनियरा मार्ग पर मंगलवार की शाम करीब सात बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। सड़क पर खड़ी धान लदी ट्रॉली से एक बाइक टकरा गई, जिससे बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पनियरा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मार्ग किनारे धान से लदी ट्रॉली बिना किसी संकेत के खड़ी थी। इसी दौरान करमहिया निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह पुत्र रामकेवल और फरेंदा निवासी 28 वर्षीय सनी शर्मा पुत्र संतोष बाइक से गुजर रहे थे। अंधेरा होने और ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत न होने के कारण बाइक सीधे ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मृतक धर्मेंद्र सिंह करमहिया में किराने की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी संगीता, 15 वर्षीय बेटी सोनाक्षी और 12 वर्षीय बेटा आलोक सिंह हैं। वहीं सनी शर्मा अपने ननिहाल बसडीला में रहकर करमहिया तिराहे पर सैलून की दुकान चलाते थे। वह अपने माता-पिता के बड़े पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी तनू, पांच वर्षीय बेटा विराट और डेढ़ वर्षीय पुत्र सम्राट हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। खड़ी ट्रॉली के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर वाहन खड़ा करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


