महराजगंज: जनपद में महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत मंगलवार को कम्पोजिट विद्यालय चौपरिया में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने संयुक्त रूप से कन्या पूजन कर बालिकाओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि बेटियां केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की आधारशिला हैं। जिलाधिकारी महोदय ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि यह बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से बालिकाएं अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक महोदय ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अपराधों के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार जागरूकता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के शोषण या खतरे की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें और बिना संकोच अपनी समस्या साझा करें।
कार्यक्रम के अंत में कन्या पूजन के उपरांत बालिकाओं को अंगवस्त्र एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


