नई दिल्ली: राजस्थान के सामरिक रूप से अत्यंत संवेदनशील पोखरण क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। राजस्थान पुलिस की खुफिया शाखा ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के लिए जासूसी करने के आरोप में एक स्थानीय युवक को गिरफ्तार किया है। यह मामला सीमावर्ती इलाकों में बढ़ती जासूसी गतिविधियों और डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग को उजागर करता है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (खुफिया) प्रफुल्ल कुमार ने इस बारे में बात करते हुए मीडिया को बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान पोखरण क्षेत्र के नेदान गांव निवासी 28 वर्षीय झाबराराम पुत्र भाना राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील और रणनीतिक जानकारियां सीमा पार स्थित पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेज रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस के खुफिया विभाग को लंबे समय से राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में पाकिस्तानी एजेंसियों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही थीं। इन्हीं इनपुट्स के आधार पर तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया के माध्यम से एक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान झाबराराम की गतिविधियों पर नजर रखी गई, जो समय के साथ लगातार संदिग्ध पाई गईं।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में था। मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच और पूछताछ के दौरान कई अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए, जिनसे जासूसी नेटवर्क की पुष्टि हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को हनीट्रैप और आर्थिक प्रलोभनों के माध्यम से इस नेटवर्क में शामिल किया गया था।
आरोप है कि पैसे के बदले झाबराराम ने भारतीय सेना की गतिविधियों, मूवमेंट और ठिकानों से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने नाम से पंजीकृत सिम कार्ड का ओटीपी पाकिस्तानी हैंडलर्स को उपलब्ध कराया, जिससे व्हाट्सएप अकाउंट सक्रिय कर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया गया।
प्रारंभिक पुष्टि के बाद आरोपी को जयपुर स्थित केंद्रीय पूछताछ केंद्र लाया गया, जहां राजस्थान पुलिस खुफिया, सैन्य खुफिया और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से पूछताछ की गई। साक्ष्यों के सत्यापन के बाद राजस्थान खुफिया एजेंसी ने आरोपी के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम, 1923 के तहत मामला दर्ज कर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की भी गहनता से जांच की जा रही है।


