कुशीनगर: जनपद के तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में किसानों की जरूरत की रासायनिक खाद की अवैध तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। बिहार भेजी जा रही खाद पकड़े जाने के बाद कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए परसौनी बाजार स्थित कुशवाहा खाद भंडार के रासायनिक खाद विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस की रिपोर्ट और कृषि विभाग द्वारा की गई विस्तृत जांच के आधार पर की गई।
मामला बीते 3 जनवरी का है, जब तमकुहीराज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी डिबनी बंजरवा के प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने गश्त के दौरान दो वाहनों को संदिग्ध हालत में रोका। जांच करने पर दोनों वाहनों में भारी मात्रा में यूरिया और अन्य रासायनिक खाद लदी हुई पाई गई, जिसे बिहार ले जाया जा रहा था। वाहन चालकों द्वारा खाद से संबंधित कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस पूछताछ में यह सामने आया कि उक्त खाद परसौनी बाजार स्थित कुशवाहा खाद भंडार से लोड की गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को खाद सहित कब्जे में लेकर थाने भेजते हुए पूरे प्रकरण की रिपोर्ट कृषि विभाग को भेज दी।
पुलिस रिपोर्ट मिलने के बाद कृषि विभाग ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान खाद वितरण पंजिका और पीओएस मशीन (थम मशीन) के आंकड़ों में गंभीर गड़बड़ी पाई गई। वितरण का कोई स्पष्ट मिलान न होने और अनियमितता उजागर होने पर जिला कृषि अधिकारी मेनका सिंह के निर्देश पर कुशवाहा खाद भंडार का रासायनिक खाद विक्रेता लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।
इसके साथ ही दुकानदार को निर्देश दिया गया है कि वह 1 अप्रैल से अब तक की संपूर्ण वितरण पंजिका एक सप्ताह के भीतर जिला कृषि कार्यालय में प्रस्तुत करे।
चौकी प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि खाद सहित दोनों वाहन फिलहाल पुलिस की अभिरक्षा में हैं और आगे की कार्रवाई संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।


