गाजियाबाद: लोनी थाना पुलिस ने जन-सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने अवैध आतिशबाजी कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 42 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ, पटाखे बनाने की चार मशीनें, 40 किलो फेवीकोल तथा 26 प्लास्टिक के कट्टों में भरा अवैध आतिशबाजी निर्माण का सामान बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 28 फरवरी 2026 को नियमित चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई। टीम ने लोनी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से पटाखे तैयार करने और बेचने में लिप्त दो व्यक्तियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
शाहनवाज पुत्र शेरदीन, निवासी राशिद अली गेट, प्रिंस डीलर वाली गली, लोनी (उम्र लगभग 42 वर्ष) अनीस पुत्र नूरदीन, निवासी 10 फुटा गली, शौकीन मलिक चौक, अशोक विहार, लोनी (उम्र लगभग 45 वर्ष)
शादी-पार्टियों में होती थी अवैध बिक्री
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे फरूखनगर (थाना टीला मोड़ क्षेत्र) से पटाखे बनाने का कच्चा माल लाते थे और बिना किसी लाइसेंस के शादी, पार्टियों और अन्य आयोजनों में इन्हें बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।
मुकदमा दर्ज कर जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना लोनी पर धारा 125/288 बीएनएस तथा धारा 9बी(1बी) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का इससे पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या नहीं।
जनहित में पुलिस की अपील
लोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध आतिशबाजी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के खतरनाक कारोबार पर समय रहते रोक लगाई जा सके।


